विंटर लाइन कार्निवाल की तैयारी 24 दिसंबर तक हर हाल में पूरी करने के निर्देश
मसूरी : विंटर लाइन कार्निवाल की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं मसूरी विधायक गणेश जोशी ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 24 दिसंबर तक हर हाल में कार्निवाल से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। नगर पालिका सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन मसूरी की पहचान और पर्यटन को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण उत्सव है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को विशेष रूप से बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्निवाल के दौरान पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि होती है, इसलिए आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, उनकी नियमित सफाई और रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में मंत्री जोशी ने मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और समयबद्ध तरीके से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कार्निवाल के दौरान शहर की सामान्य व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि विंटर लाइन कार्निवाल मसूरी की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का अवसर है और इसे सफल बनाने की जिम्मेदारी सभी संबंधित विभागों की है।
बैठक में नगर पालिका, पुलिस प्रशासन, पर्यटन विभाग, बिजली-पानी विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को तैयारियों की जानकारी दी और तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया।
