खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के छठे दिन योग साधकों को स्वस्थ जीवन के मूल मंत्र संतुलित आहार, संयमित व्यवहार, उन्नत विचार और पर्याप्त नींद का महत्व समझाया गया। योगाचार्य स्वामी जितेंद्रानन्द ने कहा कि योग और प्राणायाम साधना के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती, बल्कि निरंतर अभ्यास से व्यक्ति कठिन से कठिन योग क्रियाओं में भी दक्ष बन सकता है।

प्रातःकालीन सत्र की शुरुआत हवन, पूजन और यज्ञ के साथ हुई। इसके बाद उषा माता ने अयंगर योग का अभ्यास कराया, वहीं स्वामी जितेंद्रानन्द ने यौगिक क्रियाओं के गूढ़ रहस्य और शारीरिक साधना पर प्रकाश डाला। विशाल बोधि ने योग के महत्व को विस्तार से बताया, जबकि डॉ. नरेश चौधरी ने योग और आयुर्वेद के समन्वय पर व्याख्यान दिया। ओशो ध्यान सत्र में साधना बोधि वर्धमान ने साधकों को ध्यान की गहराइयों से परिचित कराया। मुंगेर स्कूल ऑफ योगा, बिहार के स्वामी आत्मस्वरूपानन्द ने योग, प्राणायाम, ध्यान और साधना के विभिन्न आयामों पर विस्तार से जानकारी दी। इसी क्रम में प्रबंध निदेशक प्रतीक जैन के निर्देश पर तीसरे हैरिटेज ग्रुप के तहत देशी-विदेशी साधकों को बीटल्स आश्रम (चौरासी कुटिया महेश ध्यान केंद्र) का भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें ध्यान और प्राणायाम के माध्यम से अपार शांति का अनुभव कराया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ड्रम सर्किल और बडोनी ब्रदर्स की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इसके पश्चात कुंडलिनी जागरण सत्र, कॉमेडी शो में रविंद्र जोनी की प्रस्तुति, हनुमान चालीसा की स्ट्रिंग म्यूजिक प्रस्तुति और गंगा आरती का आयोजन हुआ। सांस्कृतिक संध्या में रूपकुमार राठौर और सोनाली राठौर ने भक्ति रस से ओत-प्रोत गीतों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।

उल्लेखनीय है कि कल इस अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का समापन उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल के करकमलों द्वारा किया जाएगा, जिसमें योगाचार्य, साधक और नगर के विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। इस वर्ष महोत्सव ने जन सहभागिता, हैरिटेज वॉक, ‘रन फॉर योगा’ और स्वच्छता मिशन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया है। कल हुई भारी वर्षा और मौसम विभाग के अलर्ट के बावजूद योग साधकों का उत्साह कम नहीं हुआ और योग की धारा अविरल रूप से बहती रही। महोत्सव के सफल आयोजन में निगम की आयोजन समिति से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी निरंतर सक्रिय भूमिका निभाते नजर आए।

Ad