खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में आगामी 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ, कनिष्ठ एवं विभिन्न फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह मियां एडवोकेट ने की।

बैठक में देहरादून में होने वाले राजभवन घेराव को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। वक्ताओं ने कहा कि ऋषिकेश से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए संगठन स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गईं और सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया गया।नेताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं है और जनता की आवाज को अनसुना किया जा रहा है। उन्होंने बापू ग्राम के निवासियों का उदाहरण देते हुए कहा कि वे पिछले लगभग डेढ़ महीने से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। यह स्थिति सरकार की जनविरोधी कार्यशैली को दर्शाती है।

बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि यदि जनता संगठित होकर आवाज नहीं उठाएगी तो सरकार आम लोगों के हितों की अनदेखी करती रहेगी। इसलिए राजभवन घेराव कार्यक्रम को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे अपने साथियों, समर्थकों और स्थानीय लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए परिवहन, संपर्क और जनसंपर्क से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। तय किया गया कि 16 फरवरी को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे और शांतिपूर्ण तरीके से राजभवन घेराव में भाग लेंगे।

बैठक में महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह मियां एडवोकेट, जयेंद्र रमोला, महंत विनय सारस्वत, पुष्पा मिश्रा, मदन मोहन शर्मा, भगवती प्रसाद सेमवाल, ललित मोहन मिश्रा, संजय भारद्वाज, सिंहराज पोसवाल, बृजभूषण बहुगुणा, ऋषि सिंघल, अशोक शर्मा, मनीष जाटव, शोभा भट्ट, उमा ओबेरॉय, हरि सिंह नेगी, सूरत सिंह कोहली, रुकम पोखरियाल, सुमित चौहान, मधु मिश्रा, हिमांशु जाटव, पुरंजय भारद्वाज, बप्पी अधिकारी, भूपेंद्र, हिमांशु कश्यप, आदित्य सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर राजभवन घेराव कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

Ad