खबर शेयर करें -

हल्द्वानी : नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब नवीन गल्ला मंडी परिसर में एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किए गए। दोनों की बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतकों में एक युवती की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है, जबकि युवक की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक दोनों के सिर बुरी तरह कुचले गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हमलावरों ने बेहद क्रूर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। शवों के पास ही खून से सना एक पत्थर भी बरामद हुआ है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी जेब से आधार कार्ड मिला, जिसमें जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 दर्ज है। आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने युवक की पहचान की पुष्टि की और परिजनों से संपर्क साधा। युवती की पहचान के प्रयास जारी हैं।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कात्याल स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि दोहरे हत्याकांड की हर एंगल से जांच की जा रही है। मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मंडी क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की गई है।

Ad