खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : आगामी महाशिवरात्रि पर्व एवं शारदीय कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार द्वारा थाना लक्ष्मणझूला परिसर में कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि ड्यूटी में नियुक्त पुलिस बल की विस्तृत ब्रीफिंग ली गई।

ब्रीफिंग के दौरान क्षेत्राधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व अवधि के दौरान उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखें तथा अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करना होगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील एवं अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर सतत निगरानी रखी जाए। घाटों, मंदिरों, मुख्य मार्गों तथा पार्किंग स्थलों पर चरणबद्ध एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्जन प्लान भी लागू किया जाएगा।

क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार ने पुलिस बल को श्रद्धालुओं के साथ शालीन, सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता सुरक्षा के साथ-साथ जनसहयोग भी है। तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सहायता केंद्रों पर भी सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

आपात स्थितियों से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी पुलिस कर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी असामान्य घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। संचार व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अतिरिक्त, ड्यूटी के दौरान सादे वस्त्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती कर असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस कर्मियों की भी पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। ब्रीफिंग के अंत में क्षेत्राधिकारी ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वित, सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से महाशिवरात्रि पर्व एवं कांवड़ यात्रा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा।

Ad