खबर शेयर करें -

नई दिल्ली : दार्जिलिंग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राजू बिष्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने दार्जिलिंग हिल्स, तराई और डुआर्स क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।सांसद राजू बिष्ट ने मुलाकात के बाद अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रधानमंत्री के साथ तस्वीरें साझा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने दार्जिलिंग हिल्स, तराई और डुआर्स क्षेत्र को विकास की प्राथमिकता में रखा है, जिससे क्षेत्र में आधारभूत ढांचे, कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई गति मिली है ।

राजू बिष्ट ने विशेष रूप से हाल ही में घोषित सिलीगुड़ी से वाराणसी तक हाई स्पीड बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के बीच संपर्क को मजबूत करेगी तथा व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करेगी। बिष्ट ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों की आर्थिक स्थिति को बड़ा लाभ मिलेगा।

मुलाकात के दौरान सांसद ने प्रधानमंत्री को दार्जिलिंग आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए उत्सुक है और उनके आगमन से विकास कार्यों को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा।राजू बिष्ट ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से दार्जिलिंग हिल्स, तराई और डुआर्स क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में निरंतर वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Ad