आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरने को कांग्रेस का समर्थन
देवप्रयाग : कीर्ति नगर ब्लॉक मुख्यालय पर पिछले 20 दिनों से जारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के धरना-प्रदर्शन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। जिला कांग्रेस कमेटी देवप्रयाग के जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने धरनास्थल पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को अपना समर्थन दिया और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेशभर में 35 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां पिछले 20 दिनों से अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर बैठी हैं, लेकिन सरकार का कोई भी जिम्मेदार प्रतिनिधि उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री और विधायक तक इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित एक बड़े सम्मेलन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि का आश्वासन दिया था। उस समय कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का सम्मान करते हुए उन्हें चांदी का मुकुट भी पहनाया था, लेकिन चार साल बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया।
जिला अध्यक्ष असवाल ने क्षेत्रीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जो खुद को क्षेत्र की जनता का “बेटा” बताते हैं, वे आज कहां हैं जब देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की मातृशक्ति कीर्ति नगर से लेकर हिंडोलाखाल तक सड़कों पर बैठी है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनप्रतिनिधियों को मातृशक्ति की याद केवल त्योहारों और चुनाव के समय ही आती है।कांग्रेस नेता ने स्पष्ट किया कि पार्टी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के इस आंदोलन में पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वर्ष 2027 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है, तो सबसे पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि कर उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा।
धरना स्थल पर इस दौरान आंगनबाड़ी अध्यक्ष नीलम नेगी, रामलाल नौटियाल, सरस्वती देवी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां मौजूद रहीं और उन्होंने अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
