बुकिंग के बाद भी नहीं पहुंचे सिलिंडर
हल्द्वानी : प्रदेश सरकार द्वारा व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी किए जाने के बावजूद मंगलवार को हल्द्वानी में होटल और रेस्तरां संचालकों को सिलिंडर नहीं मिल सके। आपूर्ति बाधित होने से शहर के होटल व्यवसायियों और ढाबा संचालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, गैस एजेंसियों और वितरण व्यवस्था में समन्वय की कमी के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई। कई होटल-रेस्तरां संचालकों ने बताया कि उन्होंने पहले से बुकिंग कराने के बावजूद समय पर सिलिंडर की डिलीवरी नहीं मिली, जिससे रसोई संचालन प्रभावित हुआ और ग्राहकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।व्यापारियों का कहना है कि सरकार द्वारा जारी एसओपी का जमीनी स्तर पर सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो होटल व्यवसाय पर इसका गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है।
वहीं, संबंधित अधिकारियों का कहना है कि समस्या के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य कर दिया जाएगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
