हल्द्वानी में सनसनी: कार्यक्रम स्थल के पास कार में मिला शव
हल्द्वानी: हल्द्वानी शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के पास खड़ी एक कार से 45 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अरुण बिष्ट के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध कार में युवक के बंद होने की सूचना पुलिस को दी। कार कार्यक्रम स्थल के समीप खड़ी थी, जिससे सुरक्षा के लिहाज से भी मामला संवेदनशील हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन का निरीक्षण किया और कार का दरवाजा खोलकर युवक को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं, ऐसे में कार्यक्रम स्थल के पास शव मिलने से पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक कार में कब और कैसे पहुंचा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल से मामले की जांच की जा रही है। परिवारजनों को सूचना दे दी गई है और उनसे भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल, मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।घटना के बाद कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अरुण बिष्ट की मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल, पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
