देहरादून: सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर डीएम सख्त, 2 दिन में मांगी रिपोर्ट
देहरादून, 28 सितंबर। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
36 से 180 दिन पुरानी शिकायतों पर दो दिन में रिपोर्ट
सीएम हेल्पलाइन पर 36 से 180 दिन तक लंबित शिकायतों पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसी शिकायतों की प्राथमिकता से समीक्षा कर दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शिकायत को केवल पोर्टल पर बंद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए।
फोर्स क्लोज शिकायतों पर प्रमाण पत्र जरूरी
फोर्स क्लोज की जा रही शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागों को प्रमाण पत्र देना होगा। इसमें शिकायत के निस्तारण की वास्तविक स्थिति और की गई कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख करना होगा। डीएम ने बिना ठोस कार्रवाई के शिकायत बंद न करने के निर्देश दिए।
2025 से लंबित मुख्यमंत्री घोषणाओं पर कारण बताओ नोटिस
मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा के दौरान वर्ष 2025 से लंबित मामलों पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लंबित घोषणाओं के लिए स्पष्ट कार्ययोजना और समयसीमा तय करने को कहा।
डीएम ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री घोषणाएं शासन की प्राथमिकता हैं। जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें। निर्धारित समय में प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
