ऋषिकेश: जनजाति समाज के कल्याण और संगठन को लेकर भाजपा एसटी मोर्चा की बैठक
ऋषिकेश। गुमानीवाला में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में मोर्चा के प्रदेश महामंत्री भारत चौहान ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से जनजाति समुदाय के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
भारत चौहान ने कहा कि सरकार ने जनजाति समाज के छात्रों के लिए प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक और उच्च शिक्षा की छात्रवृत्ति योजनाएं शुरू की हैं। युवाओं को स्वरोजगार के लिए स्टैंड-अप इंडिया, जनजातीय उद्यम विकास योजना और ऋण सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। इसके साथ ही जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संग्रहालय, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वन-धन विकास केंद्र और आदिवासी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया गया है।

बैठक में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला संयोजक प्रीतम पुंडीर ने ऋषिकेश क्षेत्र के बोक्सा जनजाति के गांवों से जुड़ा मुद्दा उठाया। उन्होंने मांग की कि सरकारी रिकॉर्ड में इन क्षेत्रों को ‘बस्ती’ के बजाय ‘गांव’ के रूप में दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि ‘गांव’ शब्द अधिक सम्मानजनक है और जनजाति समाज को शिक्षा व संगठन के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
बैठक में श्याम सिंह, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य शबनम, माधुरी, कविता, शालिनी, अमिता, सोनू मेहरा, जितेंद्र, मंगल सिंह, कमला देवी, सुरेश, सूरज कैलाश, धीरज चौहान और गोविंद सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
