दिल्ली क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़
नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय होकर महंगे स्मार्टफोन चोरी करते थे और फिर इन्हें पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश में तस्करी कर देते थे। क्राइम ब्रांच की टीम को लगातार मोबाइल चोरी की बढ़ती घटनाओं की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने इस गिरोह का सुराग लगाया। इसके बाद एक विशेष अभियान चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को निशाना बनाते थे। चोरी किए गए मोबाइल फोन को तुरंत नेटवर्क से बाहर कर दिया जाता था, ताकि उन्हें ट्रैक न किया जा सके। इसके बाद इन फोनों को पश्चिम बंगाल भेजा जाता था, जहां से उन्हें अवैध रूप से बांग्लादेश पहुंचाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 83 चोरी किए गए स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल की कीमत लाखों रुपये में आंकी जा रही है। साथ ही, इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए जांच जारी है।क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। पुलिस अब इस गिरोह के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और तस्करी के पूरे रूट का पता लगाने में जुटी हुई है।
