दिल्ली-नोएडा-फरीदाबाद को मिलेगा ट्रैफिक से राहत
दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों के लिए ट्रैफिक से राहत की बड़ी खबर सामने आई है। राजधानी के कालिंदी कुंज इलाके में जल्द ही एक नया टू-वे फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच रोजाना लगने वाले भारी जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।
यह फ्लाईओवर खास तौर पर कालिंदी कुंज, सरिता विहार, नोएडा सेक्टर-37 और फरीदाबाद को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर बनाया जाएगा। इस रूट पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, लेकिन मौजूदा सड़क व्यवस्था और सिग्नल सिस्टम के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लगना आम बात है। नए टू-वे फ्लाईओवर के निर्माण से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।
परियोजना के तहत फ्लाईओवर को आधुनिक तकनीक और बेहतर डिजाइन के साथ तैयार किया जाएगा, ताकि पिक आवर्स में भी ट्रैफिक बिना रुकावट के चलता रहे। इसके साथ ही पैदल यात्रियों और स्थानीय ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए नीचे की सड़कों का भी पुनर्विकास किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस परियोजना से न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि ईंधन की खपत और प्रदूषण में भी कमी आएगी। खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों, स्कूल बसों और दैनिक यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
बताया जा रहा है कि जल्द ही इस फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी और निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली-नोएडा-फरीदाबाद कॉरिडोर पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
