उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया पॉलिसी लागू करने की मांग तेज
डिजिटल पत्रकारों ने महानिदेशक सूचना को सौंपा ज्ञापन
देहरादून। उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया पॉलिसी लागू करने की मांग को लेकर डिजिटल पत्रकारों ने महानिदेशक सूचना को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पत्रकारों ने कहा कि डिजिटल मीडिया आज जनसंचार का सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है, लेकिन अब तक इसे स्पष्ट नीति और वैधानिक पहचान नहीं मिल पाई है।
डिजिटल पत्रकारों ने मांग की कि राज्य सरकार जल्द से जल्द डिजिटल मीडिया पॉलिसी लागू करे, ताकि हजारों डिजिटल पत्रकारों को वैधानिक पहचान, सुरक्षा और अधिकार मिल सकें। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पूर्व में जारी प्रारूप पर सुझाव दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
पत्रकारों ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में डिजिटल मीडिया अहम भूमिका निभा रहा है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया से पहले नीति लागू करना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष राजेश “पोल खोल” बहुगुणा, महासचिव पहाड़ी शहजाद अली, कोषाध्यक्ष अजय नौटियाल, संयोजक दीपक कैंतुरा, विजय रावत, सपना बडोला, सुरेंद्र रावत, अवनीश कुमार, अरविंद सिंह, भूपेंद्र राठौर एवं प्रदीप शाह सहित कई डिजिटल पत्रकार मौजूद रहे।
डिजिटल पत्रकारों ने कहा कि उनके अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और राज्य सरकार को जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
