नरेंद्रनगर निकाय चुनाव: नामांकन प्रक्रिया में तेजी, एडीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

खबर शेयर करें -

नरेंद्रनगर : नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर में निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया तेज हो गई है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने तहसील नरेंद्रनगर पहुंचकर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एडीएम को बताया कि अध्यक्ष पद के लिए अब तक 4 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है, जबकि सदस्य पद के लिए 16 नामांकन पत्र लिए जा चुके हैं। नामांकन प्रक्रिया के संचालन हेतु तहसील नरेंद्रनगर को रिटर्निंग ऑफिसर का मुख्य कार्यालय बनाया गया है।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि नामांकन पत्र लेने और जमा करने की अंतिम तिथि 29 मई 2026 को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।

इस मौके पर एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, रिटर्निंग अधिकारी (अध्यक्ष) एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा, सहायक आरओ सोमांश गुप्ता, रिटर्निंग अधिकारी (सदस्य) कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी सचिन कुमार, सहायक आरओ कृतिका कुलश्री, तहसीलदार अयोध्या उनियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad