हिंदी पत्रकारिता दिवस पर पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित, वरिष्ठ पत्रकार हुए सम्मानित

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन एवं ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णानंद घाट, जानकी झूला में पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के योगदान, सामाजिक सरोकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचार व्यक्त किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, वरिष्ठ समाजसेवी बचन पोखरियाल, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष राजीव खत्री, ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिओम शर्मा, यूनियन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष जितेंद्र चमोली तथा पूर्व अध्यक्ष राजेश शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि कुसुम कंडवाल ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि पत्रकार केवल समाचारों के वाहक नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक भी हैं।

विशिष्ट अतिथि बचन पोखरियाल ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस पत्रकारिता के मूल्यों और दायित्वों को स्मरण कराने का अवसर है। उन्होंने पत्रकारों से तकनीक के साथ कदम मिलाते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान ऋषिकेश प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष आशीष डोभाल, वरिष्ठ पत्रकार मनोज राणा एवं सुदीप कपरूवाण को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

समारोह के अंत में श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष राजीव खत्री ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

Ad