बद्रीश कॉलोनी में चला संयुक्त स्वच्छता जागरूकता अभियान, बच्चों और युवाओं को दिया स्वच्छता का संदेश
देहरादून, 31 मई 2026।श्री बद्रीश कॉलोनी कल्याण समिति एवं नगर निगम, देहरादून की संयुक्त टीम द्वारा रविवार को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कॉलोनी के बच्चों और युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छ देहरादून बनाने का संदेश दिया गया।
जहां एक ओर नगर निगम देहरादून शहर को स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है, वहीं शासन-प्रशासन के सहयोग के उद्देश्य से श्री बद्रीश कॉलोनी कल्याण समिति ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। समिति द्वारा घर-घर संपर्क कर बच्चों और युवाओं को अभियान से जोड़ा गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती कमली भट्ट को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने अभियान में शामिल होकर समिति और बच्चों के प्रयासों की सराहना की तथा स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर बच्चों को सफेद टी-शर्ट, टोपी, मास्क और ग्लव्स वितरित किए गए।
अभियान के दौरान बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने स्वच्छता गीतों और नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान में विशेष रुचि और योगदान देने वाली मीनू सुंदरियाल को पार्षद एवं समिति अध्यक्ष द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
समिति के अध्यक्ष चित्रपाल सजवाण ने बताया कि कॉलोनी में सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर समिति लंबे समय से लगातार कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
अभियान को सफल बनाने में समिति के कोषाध्यक्ष अशोक बलूनी, वरिष्ठ संरक्षक बलदेव भंडारी, लेन नंबर-8 प्रभारी रविंद्र सजवाण, कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र पंवार एवं के.सी. बहुगुणा का विशेष सहयोग रहा।कार्यक्रम में राजेंद्र बलूनी, चित्रांश सजवाण, कैलाश कोठियाल, प्रवीन रावत, वीरेंद्र रौतेला, गुलाब नेगी, चतर पुंडीर, उपेंद्र कुकरेती, मीणा नेगी, मोनिका भंडारी सहित बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
