कपकोट के जुड़वां भाइयों ने रचा इतिहास, एक साथ बने अग्निवीर
कपकोट/बागेश्वर: उत्तराखंड के युवाओं के लिए 30 मई का दिन गर्व और सम्मान से भरा रहा। रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित अग्निवीर जवानों की भव्य पासिंग आउट परेड में देश सेवा के लिए तैयार जवानों ने राष्ट्र रक्षा की शपथ ली। इस अवसर पर परिजनों की आंखों में खुशी, गर्व और भावुकता साफ झलक रही थी।
इसी बीच बागेश्वर जिले के कपकोट विकासखंड के दूरस्थ गांव लीती से प्रेरणादायक खबर सामने आई है। गांव के जुड़वां भाई राहुल सिंह कोरंगा और रोशन सिंह कोरंगा, पुत्र खुशाल सिंह कोरंगा, एक साथ अग्निवीर भर्ती में चयनित होकर भारतीय सेना का हिस्सा बने हैं।
दोनों भाइयों ने साथ-साथ कठिन सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया और रानीखेत में आयोजित कसम परेड में एक साथ शामिल होकर देश सेवा की शपथ ली। जुड़वां भाइयों का एक साथ भारतीय सेना में भर्ती होना न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे कपकोट, बागेश्वर और उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बन गया है।
क्षेत्रवासियों ने दोनों युवाओं की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों के युवाओं में देशभक्ति और सेना के प्रति समर्पण की भावना हमेशा मजबूत रही है। राहुल और रोशन ने अपनी मेहनत और लगन से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कसम परेड के बाद जब दोनों जवान अपने परिवार से मिले तो माहौल भावुक हो उठा। परिजनों ने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और खुशी का क्षण बताया। ग्राम लीती के ये दोनों वीर सपूत आज पूरे बागेश्वर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं।
