खबर शेयर करें -

धारचूला : पिथौरागढ़ जनपद की दारमा घाटी में हिमस्खलन के चलते ढाकर मार्ग अचानक अवरुद्ध हो गया, जिससे क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। मार्ग बंद होने से स्थानीय ग्रामीणों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर अपनी टीमों को तैनात किया। बालिंग से दुग्तू के बीच लगभग 30 मीटर तक सड़क पर भारी मात्रा में जमे हिमखंड को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया। BRO के कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद लगातार मेहनत कर कुछ ही समय में मार्ग को साफ कर दिया।

हिमखंड हटने के बाद ढाकर मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। क्षेत्र में मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए BRO द्वारा सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें अलर्ट मोड पर हैं।

प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें और अनावश्यक जोखिम से बचें।

Ad