रक्षाबंधन पर धामी सरकार की बड़ी सौगात, उत्तराखंड में महिलाओं के लिए दो दिन बस यात्रा नि:शुल्क
देहरादून। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उत्तराखंड में महिलाएं 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में शत-प्रतिशत किराया छूट के साथ नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
उत्तराखंड शासन की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के अनुसार, निर्धारित दोनों दिनों में प्रदेश के भीतर निगम की बसों से यात्रा करने वाली महिलाओं से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
मायके जाने वाली महिलाओं को मिलेगी राहतरक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। सरकार के इस निर्णय से उन्हें पर्व के दौरान सुरक्षित, सुगम और नि:शुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे महिलाओं पर यात्रा का आर्थिक बोझ भी कम होगा।
राज्य सरकार करेगी खर्च की प्रतिपूर्तिशासनादेश में अपर सचिव, उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देने के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी।
परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों के लिए धामी सरकार का यह निर्णय महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
