डॉ. कुमुद की उपलब्धि पर गणमान्यों ने जताई प्रसन्नता
देहरादून/खटीमा : अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्र के प्रतिष्ठित साहित्यकार डॉ. जगदीश पंत ‘कुमुद’ को साहित्य के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से साहित्य प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में हर्ष की लहर है। देहरादून में रेड एफएम द्वारा आयोजित “पहाड़ी ऐसा भी” कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने डॉ. कुमुद को सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें उनके दीर्घकालीन साहित्यिक सेवा, विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट लेखन तथा साहित्य के प्रति निरंतर समर्पण के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. जगदीश पंत ‘कुमुद’ वर्तमान में खटीमा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चकरपुर में फार्मेसी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। चिकित्सा सेवा के साथ-साथ वे साहित्यिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और अपने लेखन से समाज को निरंतर प्रेरित कर रहे हैं।
उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.सी. पंत, डॉ. वी.पी. सिंह, डॉ. सिद्धेश्वर सिंह, वरुण अग्रवाल, महेन्द्र प्रताप पांडे, डॉ. रूप चंद्र शास्त्री, रामरतन यादव, दीपक फुलेरा, हिमांशु बिष्ट, हेमा परिहार, हरीश शर्मा, सौरभ पांडे तथा पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
