उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी, आपदा प्रबंधन अलर्ट मोड में
देहरादून: मौसम विभाग ने 23 जनवरी को उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में संभावित बारिश, बर्फबारी, पाला, शीतलहर और उससे उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनजर तैयारियों की समीक्षा की गई और पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सचिव सुमन ने निर्देश दिए कि पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, पशुपालन एवं नगर निकाय विभाग सतर्क रहें। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, सुरक्षित प्रसव और स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रखी जाएं।
बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध होने की संभावना को देखते हुए, संवेदनशील और उच्च हिमालयी मार्गों पर जेसीबी, स्नो कटर और अन्य मशीनरी की अग्रिम तैनाती की जाएगी। फिसलन और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए पाला प्रभावित क्षेत्रों में नमक और चूने का छिड़काव किया जाएगा।सचिव ने ठंड से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थलों में अलाव, हीटर, गर्म पानी और पर्याप्त बिस्तर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पशुधन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित आश्रय, चारा और पेयजल सुनिश्चित किया जाएगा। जरूरतमंद और असहाय लोगों को कंबल वितरण समय पर किया जाएगा।
सचिव ने ठंड से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थलों में अलाव, हीटर, गर्म पानी और पर्याप्त बिस्तर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पशुधन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित आश्रय, चारा और पेयजल सुनिश्चित किया जाएगा। जरूरतमंद और असहाय लोगों को कंबल वितरण समय पर किया जाएगा।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र और जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रखे जाएंगे। इस अवसर पर संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मो० ओबैदुल्लाह अंसारी और यूएसडीएमए विशेषज्ञ भी मौजूद थे।
