फीस और अभिभावकों की शिकायतों पर डीएम सख्त, ऑल सेन्ट कॉन्वेंट स्कूल प्रबंधन संग की बैठक

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/देहरादून: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने ऑल सेन्ट कॉन्वेंट स्कूल प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर अभिभावकों द्वारा विद्यालय फीस और विभिन्न गतिविधियों में वसूली जा रही राशि को लेकर उठाई गई शिकायतों पर गंभीरता से चर्चा की। बैठक में अभिभावकों की समस्याओं, सुझावों और स्कूल प्रशासन की ओर से लिए जा रहे शुल्कों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान अभिभावकों की ओर से फीस संरचना, अतिरिक्त गतिविधियों के शुल्क तथा अन्य आर्थिक भार से संबंधित मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिभावकों की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और सकारात्मक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

डीएम नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाना चाहिए, जिसमें अभिभावकों की समस्याओं को भी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए।

उन्होंने स्कूल प्रबंधन से यह भी अपेक्षा की कि फीस और अन्य शुल्कों से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा अभिभावकों को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी पूनम चौहान एवं स्कूल प्रबंधक जॉस टी. जे. सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad