उत्तराखण्ड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक में कई अहम फैसले

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/देहरादून: उत्तराखण्ड केंद्रीय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक सोमवार को प्रगति विहार स्थित कम्युनिटी सेंटर में अध्यक्ष बलवीर सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान कार्यकारिणी सदस्यों ने हल्द्वानी में सीजीएचएस डिस्पेंसरी खोले जाने में हो रही देरी तथा हाथीबड़कला स्थित डिस्पेंसरी को सीजीएचएस के अंतर्गत शामिल किए जाने में विलम्ब पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। सदस्यों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों एवं पेंशनर्स को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए और इन मामलों का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।

एसोसिएशन को अधिक प्रभावी, संगठित एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया। इनमें बायलॉज संशोधन समिति, लोक कल्याण समिति, सीजीएचएस बेनिफिशियरीज समिति, डीओपीपीडब्ल्यू समिति, अनुशासन समिति, सदस्यता संशोधन समिति तथा वित्त समिति शामिल हैं। इन समितियों में अनुभवी सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे संगठनात्मक कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित किया जा सके।

महासचिव रविन्द्र दत्त सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि एसोसिएशन द्वारा एससीओवीए (SCOVA) बैठक एवं आठवें वेतन आयोग (8th CPC) से संबंधित विषयों में पेंशनर्स के हितों को मजबूती के साथ उठाया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन लगातार पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान हेतु विभिन्न स्तरों पर प्रयासरत है।

बैठक में अनलिस्टेड टेस्ट एवं इम्प्लांट के लिए वर्तमान कोटेशन प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। सदस्यों का कहना था कि जटिल प्रक्रिया के कारण पेंशनर्स को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसे सरल एवं पारदर्शी बनाया जाना चाहिए।

अध्यक्ष बलवीर सिंह नेगी ने सभी पेंशनर्स से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पीपीओ में दर्ज पारिवारिक विवरणों का आधार, पैन एवं बैंक खातों से सत्यापन अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या वित्तीय समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकारिणी सदस्यों एवं पेंशनर्स ने सहभागिता कर संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर अपने विचार साझा किए।

Ad