ऋषिकेश के उभरते खिलाड़ियों का विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया सम्मान

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने जन्मदिन के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के बीच अपने कैंप कार्यालय में क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने युवा खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मानित होने वालों में अंकुर गुप्ता और मुस्कान जीनवाल शामिल रहे। अंकुर गुप्ता उत्तराखंड राज्य अंडर-17 बालक हॉकी टीम के कप्तान हैं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। वहीं मुस्कान जीनवाल ने पावरलिफ्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वर्ष 2025 में नेशनल गोल्ड मेडल हासिल किया है।

डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दोनों खिलाड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि ऋषिकेश के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा हैं और सरकार तथा समाज को उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है। प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व वायुसेना अधिकारी देवेश्वर प्रसाद रतूड़ी, खेल प्रशिक्षक ओम प्रकाश गुप्ता, नीरज जीनवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad