ऋषिकेश में लक्ष्य योग अकैडमी का शुभारंभ, योग को जीवनशैली बनाने का संकल्प
ऋषिकेश: पुष्कर मंदिर मार्ग स्थित लक्ष्य योग अकैडमी का भव्य उद्घाटन उत्साह, श्रद्धा और गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संत समाज, योगाचार्यों, गणमान्य अतिथियों और बड़ी संख्या में योग प्रेमियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व महापौर एवं मुख्य अतिथि अनीता ममगाईं ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान संतों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ योग अकादमी का विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि अनीता ममगाईं ने अकादमी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि योग आज केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है और ऐसे संस्थान समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
लक्ष्य योग अकैडमी के संस्थापक एवं संचालक योगाचार्य शिवम गोस्वामी हैं, जो विश्व चैंपियन रह चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। साथ ही उन्हें सर्वश्रेष्ठ योग शिक्षक सम्मान भी प्राप्त हो चुका है और वे नेशनल कोच के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
कार्यक्रम में स्वामी आत्माराम स्वरूप जी, आचार्य गंगाराम जी, स्वामी चेतन स्वरूप जी, डॉ. हर्ष ममगाईं, हमेश गिरी, सिद्धार्थ कोठारी, योगाचार्य महेश कोठारी एवं योगाचार्य रोहित गोस्वामी सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और योग साधक भी समारोह में शामिल हुए।
अतिथियों ने लक्ष्य योग अकैडमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान युवाओं को योग के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन की प्रेरणा देगा। उन्होंने अकादमी के छात्रों द्वारा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय योग प्रतियोगिताओं में किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर योगाचार्य शिवम गोस्वामी ने कहा कि उनका उद्देश्य योग को केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित न रखकर उसे एक संपूर्ण जीवनशैली के रूप में स्थापित करना है, ताकि समाज शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बन सके।
कार्यक्रम का समापन योग, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा के संदेश के साथ हुआ।
