डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने किया छात्रवृत्ति वितरण
रायवाला/ऋषिकेश : प्रतीतनगर रायवाला स्थित शहीद दुर्गा मल्ल सभागार में गोर्खाली सुधार सभा, रायवाला शाखा का वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और संगठन की गतिविधियों एवं भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवेशन के दौरान विगत वर्ष की आय-व्यय रिपोर्ट एवं सांगठनिक रिपोर्ट को सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। शाखाध्यक्ष टीका बहादुर थापा ने आगामी वर्ष की कार्ययोजना की जानकारी देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर आयोजित छात्रवृत्ति कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने गोरखा समुदाय के 19 मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल 45 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गोरखा समुदाय का इतिहास बहादुरी, पराक्रम और गौरवशाली परंपराओं से भरा हुआ है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के माध्यम से समाज और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने समुदाय की एकता पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से आपसी सहयोग और संगठनात्मक मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन शाखा उपाध्यक्ष विष्णु शर्मा ने किया।
इस मौके पर ऋषिराम शर्मा, महेश मल्ल, पूर्णधोज गुरुंग, इबकला शर्मा, यशोदा शर्मा, दुर्गा क्षेत्री, अलका क्षेत्री, गीता थापा, सपना गोसाईं, तारा प्रसाद शर्मा, देवी प्रसाद शर्मा, रमेश क्षेत्री, अरविंद क्षेत्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
