मुनि की रेती में गंगा स्वच्छता रैली आयोजित
ऋषिकेश/मुनि की रेती : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के तहत और मॉडर्न इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के छठवें एनएसएस शिविर के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला द्वारा गंगा स्वच्छता एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। आयोजित इस कार्यक्रम में सफाई निरीक्षक कमल चौहान के नेतृत्व में एमआईटी ढालवाला की एनएसएस यूनिट और नगर पालिका परिषद की टीम जानकी झूला पर एकत्रित हुई। यहां से रैली की शुरुआत करते हुए प्रतिभागियों ने “मेरी गंगा-मेरी जिम्मेदारी”, “सिंगल यूज प्लास्टिक बंद करो” और “सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ” जैसे नारों के साथ आस्था पथ पर जनजागरूकता अभियान चलाया।
रैली के माध्यम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को गंगा की स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों ने लोगों को बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि यह मानव स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।
इस अवसर पर सफाई निरीक्षक कमल चौहान ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने सभी से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कार्यक्रम में एमआईटी एनएसएस के कॉर्डिनेटर डॉ. रितेश जोशी, राजेश चौधरी, योगेश लखेड़ा, नगर पालिका सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण सहित एनएसएस के सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
