ऋषिकेश में अवैध शराब पर छापा, महिला गिरफ्तार
ऋषिकेश : अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी टीम ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने बाल्मीकि नगर, चंद्रेश्वर नगर, कृष्णा नगर कॉलोनी, आईडीपीएल समेत कई इलाकों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान कृष्णा नगर कॉलोनी में टीम को बड़ी सफलता मिली, जहां एक महिला मरनी देवी पत्नी कमलेश साहनी को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 22 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद की गई। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
प्रवर्तन दल ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
