ऋषिकेश में अवैध शराब पर छापेमारी, 2 गिरफ्तार
ऋषिकेश : अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी की। आबकारी टीम ऋषिकेश और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने का प्रयास किया।
आबकारी इंस्पेक्टर प्रेरणा बिष्ट ने बताया कि छापेमारी के दौरान टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से कुल 93 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद की गई। इनमें जाटव बस्ती निवासी आरती पत्नी विजय के पास से 48 पाउच और शेरगढ़ निवासी रघुवीर सिंह पुत्र सुखराम के पास से 45 पाउच बरामद हुए। इसके अलावा, शेरगढ़ क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने और बेचने की सूचना पर टीम ने कई घरों में दबिश दी। इस दौरान एक घर से लगभग 50 किलोग्राम तैयार लहन (कच्ची शराब बनाने का कच्चा माल) बरामद किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। विभाग का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
