ऋषिकेश में 20 लाख की लागत से नाला निर्माण शुरू
ऋषिकेश : नगर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और आगामी मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने ठोस कदम उठाया है। इसी क्रम में महापौर शंभू पासवान ने वार्ड संख्या 20, गंगानगर के लेन नंबर 9, हनुमंतपुरम में अंडरग्राउंड नाला निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस नाले का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जल-निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करना है। गंगानगर के निवासी लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे थे, विशेषकर बरसात के दौरान गलियों में पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो जाता था और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि मानसून से पहले ही क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में गंगानगर की पार्षद संध्या बिष्ट गोयल की सक्रिय भूमिका की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि नाला निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और क्षेत्र में सुविधाएं बेहतर होंगी।इस मौके पर हनुमंतपुरम विकास मंच के अध्यक्ष के.के. सचदेवा, महामंत्री अतुल गुप्ता, मुख्य कोषाध्यक्ष चंद्रभान असूजा, सामाजिक कार्यकर्ता एकांत गोयल, प्रवीन रावत, राजेंद्र त्यागी, विवेक बाला, अतुल पूंज, आशीष शर्मा, पंकज शर्मा, अनिल, राजेश, जोशी अंकल, बीना, अमित जैन, रुचि जैन सहित स्थानीय पार्षद, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
