नेपाली फार्म में धरने को पूर्व सैनिकों का समर्थन, शहीद स्मारक निर्माण की मांग हुई तेज

खबर शेयर करें -

रायवाला। नेपाली फार्म में पिछले 48 दिनों से चल रहे धरने को रायवाला उत्तराखंड पूर्व एवं अर्ध सैनिक संगठन के अधिकारियों एवं सदस्यों ने समर्थन दिया। धरना स्थल पर पहुंचे संगठन के सदस्यों ने कहा कि नेपाली फार्म उत्तराखंड आंदोलन की ऐतिहासिक भूमि रही है, इसलिए यहां उत्तराखंड आंदोलनकारी शहीद स्मारक बनाया जाना चाहिए।

इस दौरान पूर्व सैनिकों ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों की स्मृति को जीवित रखने के लिए स्मारक का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व सैनिकों ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन केवल एक राजनीतिक संघर्ष नहीं था, बल्कि यह पहाड़ की अस्मिता, पहचान और अधिकारों की लड़ाई थी। इस आंदोलन में अनेक आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जिनकी स्मृतियों को सहेजना राज्य सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नेपाली फार्म आंदोलन के महत्वपूर्ण केंद्रों में से एक रहा है, इसलिए यहां स्थायी शहीद स्मारक का निर्माण होना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियां आंदोलन के इतिहास और बलिदानों से परिचित हो सकें।

स्वाभिमान मोर्चा के प्रदेश महासचिव सुधीर राय एवं जिलाध्यक्ष शीशपाल पोखरियाल ने पूर्व सैनिकों का आभार जताया धरने को समर्थन देने के लिए ।

धरने को समर्थन देने वालों में ऋषिराम शर्मा, मनोहर लाल ध्यानी, अरुण कुमार पाण्डेय, शंकर दयाल धन्य, शीशपाल पोखरियाल, सुधीर राय, उर्मिला नौटियाल, भागीरथी रतूड़ी, अनीता जुगलान एवं विजय सिंह भंडारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।धरनारत लोगों ने कहा कि यह आंदोलन शहीदों के सम्मान और उत्तराखंड आंदोलन की स्मृतियों को संरक्षित रखने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

Ad