किसान आत्महत्या मामला: सीएम धामी ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

खबर शेयर करें -

देहरादून/हल्द्वानी: ऊधमसिंह नगर जनपद के काशीपुर निवासी एक किसान द्वारा हल्द्वानी में आत्महत्या किए जाने की हृदय विदारक घटना को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए मामले की मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत द्वारा इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाएगी।मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि इस दुखद घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की गहन जांच की जाए, ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनदेखी या दोष सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों या अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार किसी भी दोषी को बख्शने के मूड में नहीं है।

इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी प्रकार का दबाव या पक्षपात न हो।

मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक, सामाजिक और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें शीघ्र न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि किसानों की समस्याओं को सरकार गंभीरता से सुन रही है और ऐसे किसी भी मामले की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर अन्नदाता किसान, स्वयं को सुरक्षित और संरक्षित महसूस करे तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो।

Ad