ऋषिकेश में विदेशी महिला ने होटल की छत से कूदकर दी जान
ऋषिकेश : तपोवन क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक विदेशी महिला ने होटल की छत से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका रोमानिया की रहने वाली थी और 6 अप्रैल को ऋषिकेश पहुंची थी। महिला की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटना तपोवन क्षेत्र स्थित एक होटल में हुई, जहां महिला ठहरी हुई थी। मुनि की रेती थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा।
पुलिस के अनुसार, महिला मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही है, लेकिन इसके पीछे की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। साथ ही, इस घटना की सूचना दिल्ली स्थित रोमानियन दूतावास को भी दे दी गई है, ताकि मृतका के परिजनों को जानकारी दी जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
