धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की चौथी बैठक में राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए इनके कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यूआईआईडीबी का गठन राज्य में निवेश को बढ़ावा देने और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय, गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही प्रक्रियात्मक जटिलताओं को दूर करने और कार्यों के सरलीकरण पर विशेष जोर दिया, ताकि योजनाएं तय समयसीमा में धरातल पर उतर सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी छह महीनों के भीतर परियोजनाओं की ठोस प्रगति दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक योजना की स्पष्ट टाइमलाइन निर्धारित की जाए और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए कार्यों की समीक्षा की जाए, जिससे किसी भी प्रकार की देरी से बचा जा सके। शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर पर विशेष ध्यान देते हुए मुख्यमंत्री ने भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ क्षेत्र की भूस्खलन संवेदनशीलता का अध्ययन कर आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा नदी किनारे रिवरफ्रंट विकास और घाटों के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
आगामी हरिद्वार कुंभ को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा की स्वच्छता, हरिद्वार और ऋषिकेश के घाटों की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि शारदा और गंगा कॉरिडोर का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और प्रदेश को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाना है। दोनों परियोजनाओं में अलग-अलग डिजाइन के तहत बुनियादी ढांचे, पर्यटन और रोजगार से जुड़े कार्य किए जाएंगे।बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
