पूर्व महापौर अनिता ममगाईं की भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से दिल्ली मुलाकात

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : पूर्व महापौर ऋषिकेश अनिता ममगाईं ने राजधानी दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में नवनियुक्त भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार मुलाकात की। यह भेंट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें संगठनात्मक विषयों और उत्तराखंड से जुड़े सामाजिक-सांस्कृतिक पहलुओं पर भी चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान अनिता ममगाईं ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन को पवित्र गंगाजल भेंट किया और विश्व-प्रसिद्ध ऋषिकेश की गंगा आरती में सम्मिलित होने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि गंगा आरती न केवल ऋषिकेश बल्कि पूरे देश-विदेश में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा की पहचान है, जिसे प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु देखने और अनुभव करने के लिए आते हैं।इस अवसर पर अनिता ममगाईं ने जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान और नेतृत्व से सीधे संवाद का अवसर मिलता है। पार्टी की कार्यसंस्कृति ऐसी है कि कोई भी कार्यकर्ता किसी भी स्तर के नेता से मिल सकता है और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकता है। यही भाजपा की ताकत और संगठनात्मक मजबूती को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व से मिलने पर कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है, जिससे वे संगठन और समाज के लिए और अधिक समर्पण भाव से कार्य करते हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर उन्हें ऋषिकेश की गंगा आरती में आने का निमंत्रण देना उनके लिए गौरव का विषय रहा। साथ ही उन्होंने गंगाजल भेंट कर उत्तराखंड और ऋषिकेश की आध्यात्मिक पहचान से भी उन्हें अवगत कराया।

बताया गया कि नितिन नवीन ने इस आत्मीय भेंट के लिए आभार व्यक्त किया और ऋषिकेश की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत की सराहना की। उन्होंने भविष्य में उत्तराखंड आने और गंगा आरती में शामिल होने की इच्छा भी जताई। यह मुलाकात संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ ।

Ad