उत्तरायणी कौतिक मेले का भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी ने की कई अहम घोषणाएं
उत्तराखंड /खटीमा: खटीमा में कुमाऊँ सांस्कृतिक उत्थान मंच द्वारा बीज निगम परिसर में आयोजित उत्तरायणी कौतिक मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि खटीमा में पर्वतीय विकास भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी को शीघ्र भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने उत्तरायणी कौतिक मेले को राजकीय कैलेंडर में शामिल कर नियमित आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही समिति के अनुरोध पर स्थायी मंच निर्माण की भी स्वीकृति दी, जिससे भविष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को मजबूती मिलेगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मकर संक्रांति केवल एक पर्व नहीं, बल्कि इसका आध्यात्मिक और वैज्ञानिक दोनों दृष्टियों से विशेष महत्व है। यह पर्व सूर्य के उत्तरायण होने का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में सूर्य देव को ग्रहों का राजा माना गया है, इसलिए मकर संक्रांति को राजा के अपनी प्रजा के घर जाने के दिन के रूप में भी देखा जाता है।
उन्होंने कहा कि उत्तरायणी का पर्व हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन दर्शन का उत्सव है, जो जीवन में नई ऊर्जा, नई उम्मीद और नई शुरुआत का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरायणी कौतिक जैसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बच्चे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर नृत्य करते हैं, युवा लोकगीत गाते हैं और माताएं-बहनें पारंपरिक परिधानों में सजकर इस उत्सव में भाग लेती हैं, तो यह विश्वास और मजबूत होता है कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित हाथों में है।

उन्होंने कहा कि आज के बदलते दौर में, जब आधुनिकता तेजी से बढ़ रही है, तब अपनी पहचान को बचाए रखना और भी आवश्यक हो गया है। ऐसे समय में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके दूरदर्शी मार्गदर्शन में भारत न केवल विकास के नए शिखर छू रहा है, बल्कि सनातन संस्कृति के गौरव को भी वैश्विक स्तर पर पुनः स्थापित कर रहा है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र से प्रेरित होकर उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विकास का आदर्श मॉडल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सांस्कृतिक कलाकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में उत्तरायणी कौतिक मेले को लेकर उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
