घनसाली को 41.21 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
टिहरी/घनसाली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी के घनसाली क्षेत्र को 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 13.43 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 3 योजनाओं का लोकार्पण तथा 27.78 करोड़ रुपये की 5 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) के रूप में उच्चीकृत किए जाने की आधारशिला भी रखी।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अस्पताल के लिए भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला एवं उनके परिवार को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही विकास की गति तेज होती है और सरकार ऐसे प्रयासों को हमेशा प्रोत्साहित करेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य किसी भी स्थिति में रुके नहीं और समयबद्ध ढंग से पूरा कर शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। “यदि इच्छाशक्ति हो तो संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बनती,” उन्होंने कहा।स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटियों को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि घनसाली क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का शीघ्र विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय इंद्रमणी बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है तथा अवैध अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है। साथ ही पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की।होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सौंपे गए ज्ञापन में शामिल योजनाओं को भी मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए घनसाली को 30 बेड अस्पताल, तीनगढ़ में पुनर्वास कार्य, बालगंगा पुल हेतु धनराशि स्वीकृति, विद्यालय भवन निर्माण और बिजलीघर शिलान्यास जैसे कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की 37 सूत्रीय मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इनमें अखोड़ी का उच्चीकरण, थाती भटवाड़ा में बाढ़ सुरक्षा कार्य, धमातोली हाईस्कूल का इंटर कॉलेज में उच्चीकरण, ब्लॉक मुख्यालय में मिनी स्टेडियम निर्माण, कोठार-सौड़ सड़क निर्माण तथा गेंवली बुद्धकेदार व पिंडवाड़ में उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापना प्रमुख मांगें शामिल रहीं।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित योजनाओं में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत धमातोली से घनसाली अखोड़ी मोटर मार्ग वाया चांजी मोटर मार्ग अपग्रेडेशन, नागेश्वर सौड़ से गोना वाया सरकंडा मोटर मार्ग अपग्रेडेशन तथा विकासखंड भिलंगना अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कोट विशन में भवन का पुनर्निर्माण कार्य शामिल है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। मुख्यमंत्री के दौरे से घनसाली क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
