ऋषिकेश में ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स की 117वीं बैठक का भव्य समापन

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: तीर्थ नगरी ऋषिकेश में आयोजित ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स की दो दिवसीय 117वीं राष्ट्रीय बैठक का होटल नटराज में गरिमामय वातावरण के बीच सफल समापन हो गया। नगर निगम ऋषिकेश की मेजबानी में आयोजित इस राष्ट्रीय महाधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से आए 50 से अधिक नगर निगमों के महापौरों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान शहरी विकास, स्थानीय निकायों को अधिक सशक्त बनाने, स्मार्ट और टिकाऊ शहरों के निर्माण तथा नागरिक सुविधाओं को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा और मंथन किया गया।

सम्मेलन के दूसरे एवं अंतिम दिन आयोजित समापन सत्र और अतिथि सम्मान समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय भारतीय लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और देश के विकास की दिशा तय करने में महापौरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते भारत में नगर निगमों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नवाचार और प्रभावी योजनाओं की आवश्यकता है।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने नगर निगम ऋषिकेश की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन अनुभवों के आदान-प्रदान और बेहतर शहरी प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए नगर निगम ऋषिकेश और पूरी आयोजन समिति को बधाई भी दी।

समापन समारोह के दौरान देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिली। मुख्य अतिथि मदन कौशिक और नगर निगम ऋषिकेश की ओर से देश के विभिन्न राज्यों से आए सभी सम्मानित महापौरों को श्रद्धा, आस्था और पवित्रता के प्रतीक स्वरूप ‘पवित्र गंगाजली’ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस विशेष सम्मान को पाकर सभी अतिथियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और ऋषिकेश की आतिथ्य परंपरा की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि इस दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था। उद्घाटन सत्र के बाद देशभर से आए महापौरों और प्रतिनिधियों ने त्रिवेणी घाट पर आयोजित भव्य गंगा आरती में भाग लिया। साथ ही सांस्कृतिक संध्या के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से भी रूबरू हुए।

समापन अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने देशभर से आए सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस-प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों तथा नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दो दिनों तक चले इस सम्मेलन में शहरी विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई है और यहां लिए गए निर्णय भविष्य में देश के शहरों के विकास और स्थानीय निकायों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि ऋषिकेश में हुए इस राष्ट्रीय मंथन से निकले सुझाव और प्रस्ताव देशभर के नगर निगमों को नई दिशा देंगे तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सम्मेलन का समापन राष्ट्रीय एकता, समन्वित विकास और मजबूत स्थानीय शासन व्यवस्था के संकल्प के साथ हुआ।

Ad