उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया विस्तार, मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं

खबर शेयर करें -

देहरादून: प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्राचार्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राज्य के मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को घर के नजदीक आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी और नेफ्रोलॉजी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार करने पर जोर दिया गया। साथ ही मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की उपलब्धता, सुपर स्पेशियलिस्ट पदों के सृजन, आधुनिक उपकरणों की खरीद और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विस्तृत चर्चा हुई।

सुबोध उनियाल ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में ट्रॉमा सेंटर, न्यूरो सर्जरी उपकरण और बीएलएस/एएलएस एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने तथा अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के विस्तार कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता, सेवानिवृत्त चिकित्सकों की संविदा नियुक्ति और दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के लिए प्रोत्साहन योजनाएं तैयार करने पर भी बल दिया।

मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का सशक्तीकरण केवल भवन और उपकरणों तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना इसका मुख्य उद्देश्य है। राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

Ad