धीमी प्रगति पर डीएम का एक्शन, यूपीसीएल अधीक्षण अभियंता का वेतन रोका
देहरादून। जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कड़ा रुख अपनाते हुए यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक चल रहे अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कार्य निर्धारित गति से नहीं चल रहे हैं और मौके पर पर्याप्त मैनपॉवर एवं मशीनरी भी तैनात नहीं की गई है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पांच दिनों के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने यह भी देखा कि कई स्थानों पर खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा सड़क किनारे बिखरा हुआ है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यूपीसीएल अधिकारियों को तत्काल मलबा हटाने और कार्यस्थलों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि रोड कटिंग समिति की अनुमति की सभी शर्तों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 500-500 मीटर के पैच बनाकर प्रत्येक स्थान पर युद्धस्तर पर कार्य किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर अंडरग्राउंड केबल बिछाने का काम पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित मार्गों को शीघ्र लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जाए, ताकि सड़क पुनर्स्थापन और मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू किया जा सके। साथ ही गैल द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने के बाद शेष कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून से पहले सभी प्रभावित सड़कों की मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोभाल, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश सिंह, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
