भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025 में राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी का शानदार प्रदर्शन

खबर शेयर करें -

हरिद्वार/ऋषिकेश : गायत्री तीर्थ शांति कुंज, हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025 में उत्तराखंड के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। इस परीक्षा में प्रदेशभर के विभिन्न विद्यालयों से कुल 86,204 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। वहीं देहरादून जनपद से 13,500 विद्यार्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में भाग लिया।

भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं सनातन परंपराओं पर आधारित इस परीक्षा में गुमानीवाला स्थित राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए विद्यालय का परचम लहराया। विद्यालय के कुल 9 छात्र-छात्राओं ने विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया।देहरादून जनपद में माध्यमिक स्तर पर सिमरन उनियाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर स्तर पर प्रियांशी (कक्षा 6) ने जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। तहसील स्तर पर जूनियर वर्ग में शिवम भट्ट (कक्षा 6) ने प्रथम स्थान, अंशिका (कक्षा 6) एवं साक्षी (कक्षा 8) ने द्वितीय स्थान, जबकि कनिष्का (कक्षा 5), राधिका (कक्षा 6) एवं अनवी (कक्षा 7) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।वहीं तहसील स्तर पर माध्यमिक वर्ग में समीर नौटियाल ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इसके साथ ही पूरे देहरादून जनपद में प्रतिभाग करने वाले विद्यालयों की श्रेणी में भी राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई। इंग्लिश मीडियम के छात्र-छात्राओं द्वारा भारतीय संस्कृति विषय में इस प्रकार की गहन समझ और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने सभी को हतप्रभ कर दिया। सभी सफल छात्र-छात्राओं को शांति कुंज, हरिद्वार में आयोजित सम्मान समारोह में प्रमाण-पत्र, स्मृति चिन्ह, विभिन्न पुस्तकों एवं ₹700 की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गायत्री कुंज परिवार द्वारा विद्यालय एवं विद्यार्थियों को ढेरों शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही विद्यालय की शिक्षिका एवं परीक्षा प्रभारी एकादशी उनियाल को भी उनके मार्गदर्शन एवं योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

विद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे ने सभी छात्र-छात्राओं को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्राप्त यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के माध्यम से छात्र-छात्राएं भारतीय संस्कृति को केवल पुस्तकीय नहीं बल्कि आंतरिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त करते हैं।

विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य मोहन सिंह नेगी ने परीक्षा प्रभारी शिक्षिका एकादशी उनियाल के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं अभिभावकों को धन्यवाद एवं बधाई दी, जिनकी मेहनत, सहयोग और मार्गदर्शन से छात्र-छात्राओं ने यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।

Ad