केंद्रीय बजट से विकसित भारत का सपना होगा साकार: गणेश जोशी
देहरादून: कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बताते हुए कहा कि यह बजट उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को मेडिकल, मैरिज और धार्मिक पर्यटन के प्रमुख हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
कृषि मंत्री ने कहा कि बजट में पर्यटन, कृषि, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य में स्थायी और रोजगारपरक विकास मॉडल को अपनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य के हर जिले में महिला हाट खोले जाएंगे, जहां स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी। इससे महिलाओं को न केवल रोजगार मिलेगा बल्कि उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी। कृषि क्षेत्र को लेकर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य में मिलेट्स (मोटा अनाज) को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और पोषण सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही कीवी और ड्रैगन फ्रूट जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक और लाभकारी कृषि अपनाएं।
उन्होंने बताया कि राज्य में उपलब्ध बंजर भूमि पर क्लस्टर आधारित खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे बड़े स्तर पर खेती संभव होगी और किसानों को बेहतर बाजार, तकनीक और संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि कृषि मजदूरों की मजदूरी बढ़ाने पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है, ताकि श्रमिकों को उनके श्रम का उचित मूल्य मिल सके और ग्रामीण क्षेत्रों में पलायन को रोका जा सके।
केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए गणेश जोशी ने कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड आर्थिक रूप से सशक्त होगा और विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
