हल्द्वानी : SIT जांच तेज, IG STF नीलेश आनन्द भरणे ने किया क्राइम सीन का निरीक्षण
हल्द्वानी: आईजी एसटीएफ एवं एसआईटी टीम के अध्यक्ष नीलेश आनन्द भरणे शनिवार को काठगोदाम पहुंचे। उन्होंने संबंधित मामले के घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान एफएसएल टीम के माध्यम से मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। प्रकरण से जुड़े स्वतंत्र गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।एसआईटी द्वारा की जा रही कार्रवाई के संबंध में आईजी नीलेश आनन्द भरणे ने बताया कि ऊधमसिंहनगर पुलिस कार्यालय, थाना आईटीआई, चौकी पैगा सहित अन्य संबंधित कार्यालयों एवं शाखाओं में उपलब्ध इस प्रकरण से जुड़े सभी अभिलेखों व दस्तावेजों को संरक्षित किया जा रहा है, ताकि साक्ष्यों की शुचिता बनी रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसआईटी टीम के अतिरिक्त स्थानीय पुलिस को पीड़ित परिवार के किसी भी सदस्य या गवाह से अनावश्यक संपर्क न करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, शिकायतकर्ता/पीड़ित एवं गवाहों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पीड़ित परिजनों के आवास पर अन्य जनपदों से सुरक्षा गार्द की तैनाती की जा रही है।

तकनीकी विश्लेषण को मजबूत करने के लिए एसआईटी टीम में तीन उप निरीक्षक, दो हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को शामिल किया गया है। इनमें उप निरीक्षक हेमन्त कठैत (थाना लोहाघाट), उप निरीक्षक सोनू सिंह (एएनटीएफ), उप निरीक्षक राधिका भण्डारी (थाना चम्पावत), हेड कांस्टेबल विनोद यादव (थाना बनबसा), हेड कांस्टेबल कमल कुमार (थाना टनकपुर) तथा कांस्टेबल गिरीश भट्ट (सर्विलांस सेल, टनकपुर) शामिल हैं।
देर सायं एसआईटी टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस अवसर पर एसआईटी प्रमुख नीलेश आनन्द भरणे ने कहा कि यह एक संवेदनशील प्रकरण है, जिसकी जांच तथ्यों, साक्ष्यों एवं विधिक प्रावधानों के आधार पर पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण के उपरांत थाना आईटीआई में पंजीकृत एफआईआर को थाना काठगोदाम स्थानांतरित किया जा रहा है। विवेचना के दौरान विधिसम्मत और सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
