पिथौरागढ़ में भीषण सड़क हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़ : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में टनकपुर-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घाट क्षेत्र के पास एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में शादी समारोह से लौट रहे पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान योगेश कुमार और उनकी पत्नी निधि आर्या के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घाट के पास अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा और दुर्गम भू-भाग होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर दोनों शवों को बाहर निकाला। चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।इस हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि योगेश और निधि अपने पीछे परिजनों को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा दीवार एवं चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।

टनकपुर-तवाघाट हाईवे पहाड़ी और घुमावदार मार्ग होने के कारण अक्सर दुर्घटनाओं का गवाह बनता रहा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई है।

Ad