खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: पी.आर. फ़िल्म प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित गढ़वाली फीचर फ़िल्म ‘मां सुरकंडा’ ने प्रदर्शन के पहले ही दिन शानदार शुरुआत की। देहरादून रोड स्थित रामा पैलेस सिनेमा हॉल में प्रदर्शित इस धार्मिक फ़िल्म का पहला शो पूरी तरह हाउसफुल रहा, जिससे गढ़वाली सिनेमा प्रेमियों और श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

फ़िल्म के पहले शो का शुभारंभ मां सुरकंडा डोली दरबार के परमाध्यक्ष उपासक आचार्य अजय बिजल्वाण एवं अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष उपासक डॉ. राजे नेगी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर फ़िल्म से जुड़ी स्टार कास्ट और निर्माण टीम ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फ़िल्म के निर्देशक अशोक चौहान (आशु) ने बताया कि आंचलिक भाषा में बनी यह धार्मिक फ़िल्म टिहरी गढ़वाल में मां सुरकंडा देवी मंदिर के समीप अत्यंत रमणीय और पवित्र स्थलों पर फ़िल्माई गई है। उन्होंने कहा कि फ़िल्म का उद्देश्य केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि दर्शकों को गढ़वाल की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से जोड़ना भी है। उत्कृष्ट कैमरावर्क, मधुर गीत, सटीक संवाद और प्राकृतिक सुंदरता इस फ़िल्म की विशेष पहचान हैं।

मुख्य अतिथि उपासक आचार्य अजय बिजल्वाण ने कहा कि ‘मां सुरकंडा’ केवल एक चलचित्र नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और संस्कारों की पावन यात्रा है। यह फ़िल्म टिहरी गढ़वाल की आराध्य देवी मां सुरकंडा के दर्शन, महिमा और उनके उद्भव के इतिहास को दर्शाती है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है।अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने कहा कि ‘मां सुरकंडा’ एक सशक्त भक्ति फ़ीचर फ़िल्म है, जो उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सुरकंडा देवी की धार्मिक महिमा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। उन्होंने बताया कि फ़िल्म प्रतिदिन सुबह 11:15 बजे एक शो में प्रदर्शित की जा रही है और अधिक से अधिक लोगों से फ़िल्म देखने की अपील की।

इस अवसर पर समाजसेवी कुसुम जोशी, फ़िल्म के निर्माता प्रेम सिंह और राजेंद्र भट्ट, फ़िल्म अभिनेता राजेश मालगुड़ी, सावन गैरोला, अभिनेत्री साक्षी काला, संजय चमोली, पदम गुसाईं, अरविंद नेगी, मनोज चौहान, शरद काला, शांतनु चौहान, पूनम सकलानी, उषा डोभाल सहित बड़ी संख्या में कलाकार, गणमान्य लोग और दर्शक उपस्थित रहे। सभी ने फ़िल्म की सराहना करते हुए गढ़वाली सिनेमा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Ad