घंटाघर क्षेत्र में सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया, जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई

खबर शेयर करें -

देहरादून : मुख्यमंत्री द्वारा राज्यभर में सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमणमुक्त किए जाने के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन देहरादून ने अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए निरंतर कार्रवाई जारी रखी है। इसी क्रम में आज देहरादून शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र घंटाघर स्थित एचएनबी कॉम्प्लेक्स, एमडीए एरिया में सरकारी भूमि पर बने अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, उक्त स्थल पर सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मजार को लेकर पूर्व में जांच की गई थी, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि निर्माण के लिए किसी प्रकार की वैधानिक अनुमति नहीं ली गई थी। इसके उपरांत जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर प्रदान किया गया था। नोटिस में निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे।

निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण न हटाए जाने पर जिला प्रशासन ने आज कार्रवाई करते हुए पुलिस बल एवं संबंधित विभागों की मौजूदगी में अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए मौके पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रशासनिक टीम ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें और यदि कहीं अवैध कब्जे की जानकारी हो तो प्रशासन को सूचित करें।

प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाइयों का उद्देश्य किसी विशेष वर्ग के विरुद्ध नहीं, बल्कि सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना और शहर को व्यवस्थित व अतिक्रमणमुक्त बनाना है। आने वाले दिनों में भी देहरादून जनपद के अन्य क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान तेज किया जाएगा।

Ad