श्रीनगर गढ़वाल में फर्जी नाम से दोस्ती कर ब्लैकमेल करने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

खबर शेयर करें -

श्रीनगर: श्रीनगर गढ़वाल में एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवक पर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हिंदू नाम का इस्तेमाल कर एक युवती से दोस्ती करने और बाद में उसे ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। आरोप है कि युवक ने युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या का प्रयास तक कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी युवक उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का निवासी है और वर्तमान में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में अध्ययनरत है। बताया जा रहा है कि युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी पहचान छुपाकर हिंदू नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई और इसी के जरिए युवती से संपर्क बढ़ाया। धीरे-धीरे बातचीत गहरी दोस्ती में बदल गई।

आरोप है कि बाद में युवक ने युवती की निजी जानकारी और कथित चैट्स का इस्तेमाल कर उसे धमकाना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना के चलते युवती की स्थिति बिगड़ती चली गई और उसने आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि समय रहते परिजनों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिल गई, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी।

मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत भंडारी ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया और इस पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में भय और अविश्वास का माहौल पैदा करती हैं और ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाए जाने चाहिए।

सूचना पर श्रीनगर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सोशल मीडिया अकाउंट्स, चैट रिकॉर्ड, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। युवती के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान के जरिए होने वाले अपराधों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को बताया जाए।

Ad