वीवीआईपी सुरक्षा को लेकर लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पौड़ी पुलिस का सघन सर्च अभियान
ऋषिकेश: वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पौड़ी पुलिस द्वारा लक्ष्मणझूला क्षेत्र एवं उससे सटे आसपास के इलाकों में व्यापक स्तर पर सघन सत्यापन एवं सर्च अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत होटल, रिसॉर्ट, धर्मशालाओं सहित सभी ठहराव स्थलों की गहन जांच की गई, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में संचालित इस विशेष अभियान में थाना लक्ष्मणझूला पुलिस की टीमों ने पैदल मार्गों, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन किया। अभियान के दौरान क्षेत्र में ठहरे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पैदल गश्त, रूट पेट्रोलिंग तथा क्विक रिस्पॉन्स टीमों की तैयारियों को भी परखा गया। इसके साथ ही संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करते हुए लगातार निगरानी बनाए रखी गई।वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई है और सभी आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
इस सघन अभियान से लक्ष्मणझूला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है तथा वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और तैयार है।
