चंबा औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण, एक दुकान पर लगी रोक

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल: जनहित में सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी एवं औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण अभियान के दौरान कुल चार औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। इस दौरान नियमानुसार चार औषधि नमूने जांच एवं विश्लेषण हेतु संग्रहित किए गए, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एक औषधि विक्रय प्रतिष्ठान में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स अधिनियम एवं उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए गए। उल्लंघनों की गंभीरता को देखते हुए संबंधित प्रतिष्ठान की दवाओं की बिक्री एवं क्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। साथ ही, प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के निरीक्षण अभियानों का मुख्य उद्देश्य आम जनता को मानक एवं सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि अमानक, नकली अथवा नियमों के विपरीत दवाओं की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह के औचक एवं नियमित निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।

प्रशासन ने सभी औषधि विक्रेताओं से अपील की है कि वे दवाओं के भंडारण, बिक्री एवं अभिलेख संधारण में सभी नियमों एवं मानकों का कड़ाई से पालन करें, अन्यथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ad